विमल इलायची विज्ञापन विवाद: शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को FDA का कारण बताओ नोटिस, 15 दिनों में मांगा जवाब
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एफडीए का आरोप है कि इस विज्ञापन के जरिए राज्य में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष यानी सरोगेट विज्ञापन किया जा रहा है। तीनों अभिनेताओं को नोटिस का लिखित जवाब देने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।
एफडीए ने अभिनेताओं से क्या मांगा है?
- प्रोडक्ट का प्रमाण: अभिनेताओं से यह साबित करने के लिए दस्तावेज मांगे गए हैं कि विमल इलायची वाकई में एक अलग स्वतंत्र प्रोडक्ट है जो बाजार में बिकता है, या फिर यह प्रतिबंधित पान मसाला प्रमोट करने का एक जरिया है।
- टेलीकास्ट और एयरटाइम की जानकारी: उन सभी टीवी चैनलों, डिजिटल पोर्टल्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लिस्ट मांगी गई है जहां यह विज्ञापन प्रसारित हुआ, साथ ही उसके एयरटाइम का ब्योरा भी तलब किया गया है।
- कमर्शियल एग्रीमेंट: अभिनेताओं और ब्रांड के बीच हुए लीगल व कमर्शियल एग्रीमेंट की कॉपी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
शाहरुख खान का पुराना बयान फिर चर्चा में
इस पूरे विवाद के बीच शाहरुख खान का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने हानिकारक उत्पादों के विज्ञापनों पर अपनी राय रखी थी।
शाहरुख ने कहा था:
“अगर सरकार किसी उत्पाद को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानती है, तो उसे बाजार में बेचने की अनुमति ही नहीं मिलनी चाहिए। अगर सिगरेट या सॉफ्ट ड्रिंक्स खराब हैं, तो उनका उत्पादन बंद होना चाहिए। सरकार इनसे मिलने वाले रेवेन्यू की वजह से इन पर रोक नहीं लगाती, लेकिन एक्टर्स की कमाई रोकने पर बात होती है। हम एक्टर हैं और हमारा काम करके कमाना उद्देश्य है। अगर कोई चीज गलत है, तो उसके निर्माण और बिक्री पर ही पूरी तरह प्रतिबंध लगना चाहिए।”
हालांकि, यह बयान शाहरुख खान ने वर्षों पहले एक सॉफ्ट ड्रिंक विज्ञापन विवाद के दौरान दिया था, लेकिन विमल विज्ञापन पर नोटिस के बाद यह बयान एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
