JPSC-JSSC छात्रों के आंदोलन पर तीसरे दौर की बातचीत, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी
झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 16वें दिन आज सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की बातचीत शुरू हो गई है। छात्रों का प्रतिनिधिमंडल रांची के स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचा है, जहां चार मंत्रियों के दल के साथ छात्रों की बातचीत हो रही है। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेट गेस्ट हाउस के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
JPSC-JSSC न्याय मंच की ओर से बातचीत में छात्र नेता और शोधार्थी चंदन कुमार, दीनबंधु मंडल, इकबाल हुसैन, रवि शंकर, प्रेम कुमार और रामा अवतार महतो शामिल हैं।
छात्रों का आंदोलन आज 16वें दिन में पहुंच गया है। कई छात्र अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं।छात्रों की सबसे बड़ी मांग है कि JPSC-JSSC की विवादित परीक्षाओं को रद्द किया जाए। इसके साथ ही जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं, उनकी CBI जांच कराने की मांग भी छात्र कर रहे हैं।
सरकार और छात्रों के बीच इससे पहले दो दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके अलावा अलग-अलग छात्र संगठनों ने भी सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं। लेकिन अब तक बातचीत से कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।इसी वजह से आज तीसरे दौर की बातचीत बेहद अहम मानी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि सरकार और छात्रों के बीच किसी समाधान पर सहमति बन सकती है।एंकर:
लेकिन अगर आज की बातचीत भी बेनतीजा रहती है, तो छात्रों ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। छात्रों ने साफ कहा है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। छात्रों के इस आंदोलन को कई छात्र संगठनों के साथ-साथ विपक्षी दलों का भी समर्थन मिलने की बात सामने आई है। अब सबकी नजरें आज होने वाली इस तीसरे दौर की बातचीत पर हैं।
क्या सरकार छात्रों की मांगों पर कोई बड़ा फैसला लेगी?
या फिर 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा के बाहर आंदोलन और तेज होगा? फिलहाल, इसका जवाब आज की बातचीत के नतीजे से तय होगा।
