निर्देशक विनोद तिवारी बनाएंगे फिल्म ‘द बागेश्वर सरकार’

Khabar in hindi मनोरंजन

इन दिनों बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र शास्त्री का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। जहां कहीं भी उनका दरबार लग रहा है, लाखों की संख्या में लोग उनका प्रवचन सुनने पहुंच रहे हैं। कई लोग उन्हें चमत्कारी व दिव्य पुरुष मान रहे हैं, तो कुछ उनके ज्ञान पर प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं। इस समय बाबा धीरेंद्र शास्त्री हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे हैं और सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदुओं को सचेत कर रहे हैं। इनके मार्गदर्शन से प्रभावित होकर धर्मांतरित हो चुके कई लोगों ने हिंदू धर्म में पुनः वापसी भी की है। उनकी लोकप्रियता का ही कमाल है कि अब बागेश्वर बालाजी सरकार के जीवन से प्रेरित एक हिंदी फिल्म ‘द बागेश्वर सरकार’ का निर्माण किया जा रहा है।

नॉस्ट्रम एंटरटेनमेंट हब द्वारा बनाई जा रही फिल्म ‘द बागेश्वर सरकार’ जिसके निर्देशक विनोद तिवारी हैं। इस फिल्म को हिंदी के साथ विभिन्न भाषाओं में बनाया जा रहा है। निर्देशक विनोद तिवारी ने ‘द बागेश्वर सरकार’ बनाने के पीछे के उद्देश्य के बारे में बताया कि दुनिया भर में बागेश्वर सरकार की महिमा और उनके अनुयाइयों का प्रेम देखकर फिल्म बनाने का निर्णय लिया गया है। यह फिल्म बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पूज्य श्रीश्री धीरेंद्र शास्त्री के जीवन पर आधारित है। फिल्म में उनके संघर्षों का संक्षिप्त वर्णन किया जाएगा। इस फिल्म के माध्यम से एक परोपकारी व्यक्ति के आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। विनोद तिवारी ने बताया कि बागेश्वर महाराज देश—विदेश में सनातन धर्म के लोगों को साथ जोड़ रहे हैं, यह बड़ी खुशी की बात है। इससे बहुत प्रभावित हूँ कि उनके उपदेश से सनातनियों में एक अलख जगाई है और धर्म की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभा रहे हैं।
ज्ञात हो कि विनोद तिवारी की हालिया प्रदर्शित फिल्म ‘द कन्वर्जन’ लव जिहाद जैसी ज्वलंत मुद्दे पर बनी थी जिसमें विंध्या तिवारी, प्रतीक शुक्ला, रवि भाटिया और मनोज जोशी ने अभिनय किया है। इससे पहले उनकी कॉमेडी फिल्म ‘तेरी भाभी है पगले’ ने भी सफलता का स्वाद चखा था, जो कृष्णा अभिषेक, रजनीश दुग्गल, नाजिया हुसैन के अभिनय से सजी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *